मथुरा। बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के बाद मीडिया से रूबरू होतीं महिला पहलवान बबीता फोगाट।
वृंदावन (मथुरा)। अर्जुन पुरस्कार विजेता ओलंपियन बबीता फोगाट बृहस्पतिवार को ठाकुर बांकेबिहारी महाराज के दर्शन पहुंचीं। यहां आकर बबीता अध्यात्म में डूबी नजर आईं। उन्होंने कहा कि ठाकुरजी के दरबार में आना अपने आप में सुखद अनुभूति है। उन्होंने बेटियों और महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अत्याचार पर चिंता जताते हुए कहा कि बेटियों को सबल बनने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि अब लोगों को अपनी मानसिकता बदलनी होगी, तभी महिलाओं के प्रति हो रहे अपराध पर काबू पाया जा सकता है। नवयुवक बहन-बेटियों की तरह समाज की हर बेटी को अपना समझें। उन्होंने कहा कि बेटियों के साथ हो रही घटनाओं को देखकर बहुत पीढ़ा होती है। गुस्सा भी आता है। मैं अपनी बहनों से बस यही कहना चाहूंगी कि गलत सोच वाले लोगों से सतर्क रहें, अपना जीवन ऐसे ही किसी और के हाथों में न दें। भगवान ने आपको जीवन कुछ करने के लिए दिया है, ऐसे लोगों को पहचाने की जरूरत है। माता-पिता की बातों को मानें। मैं भाइयों से भी यही कहना चाहूंगी कि वह बहनों की रक्षा करें।
पहलवान बबीता फोगाट ने पहलवान पति विवेक सुहाग के साथ ठाकुर श्री बांकेबिहारी मंदिर के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।