वृंदावन (मथुरा)। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने शनिवार को कुंभ पूर्व वैष्णव बैठक कार्यालय में जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में 50 लाख रुपये से ऊपर की लागत की कुल 1737.0394 करोड़ रुपये की 174 परियोजनाएं शामिल थीं। बैठक के दौरान ऊर्जा मंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता के लिए सतत निगरानी व समीक्षा बैठक करते रहें। साथ ही अफसर बाइक से घूमकर सड़क व विकास कार्यों की स्थिति देखें। जहां भी काम हुआ हो, वहां पर यह बोर्ड लगे जिसमें परियोजना व उसका अनुरक्षण करने वाली कार्यदायी संस्था का ब्योरा दर्ज हो।
इसके साथ ही जिलाधिकारी को जनपद में चल रहे सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने के लिए सीडीओ की अध्यक्षता में समिति बनाने के निर्देश दिए। पूर्ण हो चुकीं 48 परियोजनाएं का भौतिक निरीक्षण कराने को कहा। पीडब्ल्यूडी, सेतु निगम के सभी लंबित कार्यों की समीक्षा की जाए। लापरवाही मिले तो ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएं। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि जिन परियोजनाओं में लापरवाही के कारण विलंब हुआ है, उन सभी में जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मथुरा-वृंदावन मेयर डॉ. मुकेश आर्य बंधु, जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. नितिन गौड़, नगर आयुक्त रविंद्र कुमार मांदड़, लोक निर्माण, जल निगम, सेतु निगम सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।