मथुरा। मथुरा से लेकर वृंदावन तक १२ किमी के मीटर गेज को ब्रॉडगेज में बदलने के काम में रोड़ा बन रही नई बस्ती के वाशिंदों ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल कर दी है। एक तारीख पर सुनवाई न होने के बाद अब इसमें ४ मार्च को सुनवाई होगी। जानकारी रहे पूर्व में भी नई बस्ती के लोगों ने न्यायालय की शरण ली थी लेकिन उन्हें कोई राहत नहीं मिल सकी। उधर रेलवे का ब्रॉडगेज का काम जारी है। जल्द ही इंजीनियरों की टीम सर्वे पूरा कर काम प्रारंभ कर देगी।
करीब ४०२ करोड़ की लागत से तैयार होने वाले मथुरा-वृंदावन के बीच ब्रॉडगेज के निर्माण का प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। सरकार ने बजट में पहली किस्त के रूप में १०० करोड़ दे दिए हैं लेकिन श्रीकृष्ण जन्मस्थान के निकट बनी नई बस्ती के रेलवे लाइन के दोनों और बसी होने के कारण ब्रॉडगेज के काम मेें रोड़ा लगा हुआ है।
पिछले दिनों रेलवे ने करीब ६५ घरों पर नोटिस चस्पा कर दिए। बाकी के घरों पर विरोध के चलते वह नोटिस तक चस्पा नहीं कर सके। इस प्रकरण के बाद नई बस्ती निवासी याकूब शाह ने रेलवे के नोटिस का जवाब देते हुए रेलवे अधिकारियों से जमीन के खसरा आदि की जानकारी मांगी। वहीं उनके द्वारा हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की है। जिसकी पहली सुनवाई २४ फरवरी को होनी थी लेकिन अब इसमें ४ मार्च को सुनवाई होगी।
याकूब के अधिवक्ता जब्बार अब्बास ने बताया कि अब जनहित याचिका पर चार मार्च को सुनवाई की जाएगी। उधर आगरा मंडल के पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि रेलवे द्वारा ब्रॉडगेज के लिए सर्वे कराया जा रहा है। नई बस्ती के लोगों ने उन्हें वकील के माध्यम से नोटिस का जवाब भेजा है।