मथुरा। कुणाल कोहली निर्देशित हाल में रिलीज हुई वेब सीरीज राम युग ने जन-जन के आराध्य भगवान राम का परिहास किया है तथा हिंदू धर्म की भावनाओं को आघात करने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई है। यह कहना है उत्तर प्रदेश युवा ब्राह्मण महासभा का।
महासभा द्वारा कृष्ण बलराम मंदिर पर आयोजित वर्चुअल बैठक में इस सीरीज का विरोध किया गया तथा सरकार से इस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। अध्यक्षता करते हुए महासभा के संस्थापक अध्यक्ष पं. राजेश पाठक ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम सनातन संस्कृति के आधार स्तंभ हैं। सीरीज में भोड़ा प्रदर्शन किया गया है। निर्देशक ने न ही सही वस्तुओं का चुनाव किया है और न ही भगवान राम के तिलक एवं यज्ञोपवीत दिखाया गया है। लक्ष्मी स्वरूप माता सीता को आधुनिक वस्त्रों में गलत तरीके से दर्शाया गया है, जो धार्मिक मान्यताओं के विपरीत है।
अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष पं. बालकिशन दीक्षित एवं धर्म रक्षा संघ राष्ट्रीय संयोजक आचार्य बद्रीश ने कहा कि वेब सीरीज के माध्यम से धार्मिक भावनाएं भड़क रही है। श्याम शर्मा एवं जिला संयोजक चंद्रशेखर गौड़ ने भी विचार रखे। बैठक में अश्वनी कृष्ण महाराज, सप्त ऋषि बापू महाराज, संजय पंडित, ब्रजकिशोर गोस्वामी, पं. विनोद गौड़, डॉ. आशीष मिश्रा, पं. आशीष चतुर्वेदी, निर्मल कौशिक, मोनू गौतम, नेत्रपाल गौतम, शिवकुमार शर्मा, पं. राजीव राज पाठक, कुलदीप पाठक, प्रशांत शर्मा, राजू बादल, महेंद्र दत्त आचार्य, बृजेंद्र नागर, गौरव गोस्वामी, मेघ श्याम गौतम, आशीष शर्मा, राजनारायण गौड़ थे।