मथुरा। जंक्शन पर खराब पड़ी थर्मल स्कैनिंग मशीन।
- फोटो : VRINDAVAN
मथुरा। आदर्श कहे जाने वाले मथुरा जंक्शन पर सुरक्षा को लेकर कोताही बरती जा रही है। जंक्शन पर आने वाले यात्रियों के सामान की कोई जांच नहीं की जा रही है। विगत एक सप्ताह से लगेज स्कैनिंग मशीन ही खराब पड़ी है। जिसके चलते जंक्शन पर प्रवेश करने वाले यात्रियों की तथा उनके सामान की कोई जांच नहीं हो पा रही है। उनके सामान को केवल सैनिटाइज कर ही पास किया जा रहा है।
एक तरफ मथुरा में आतंकी तथा अन्य कट्टरवादी संगठनों के निशाने पर होने के कारण अति सुरक्षा बरतने का दावा किया जाता है तो दूसरी ओर मथुरा जंक्शन पर प्लेटफार्म पर पहुंचने वाले यात्रियों के सामान की जांच करने वाली लगेज स्कैनिंग मशीन विगत एक सप्ताह से खराब पड़ी है। लगेज स्कैनिंग मशीन का पूरा सिस्टम कब खराब हो गया अधिकारियों को भी पता नहीं चला। जिसके चलते जंक्शन पर प्रवेश करने वाले यात्रियों के न तो सामान की न उनकी खुद ही जांच की जा रही है। मशीन के खराब होने के बाद यहां पर तैनात आरपीएफ तथा जीआरपी भी हट गई है। जिसके चलते यात्री बेरोकटोक ही मथुरा जंक्शन के अंदर आ जा रहे हैं।
स्टेशन डायरेक्टर रवि प्रकाश से बातचीत की गई तो उन्होंने अनभिज्ञता जाहिर की। बताया कि यदि मशीन खराब है तो उसे जल्द ही सही करा दिया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी आरपीएफ के पास रहती है।
दस रुपये में बैग हो रहे सैनिटाइज
जंक्शन पर लगेज स्कैनिंग मशीन से पहले सैनिटाइजिंग मशीन लगाई गई है। इस मशीन पर दस रुपये प्रति सवारी सामान को सैनिटाइज करने को लिए जा रहे हैं। इस पर मौजूद कर्मचारी ने बताया कि हम दस रुपये प्रति यात्री ले रहे हैं, जिसकी रसीद भी यात्री को दे रहे हैं।