योगीराज भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली 21 जून को एक बार फिर योगमय हो जाएगी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने के लिए जिले में वृहद स्तर पर तैयारियां हो रही हैं। इस अवसर पर योग करने के लिए युवा, बुजुर्ग, रेलवे कर्मी, जीआरपी कर्मी, आरपीएफ, एनसीसी कैडेट्स आदि ने तैयारी कर ली है।
सोलह कलाओं में निपुण श्रीकृष्ण योग विद्या के ज्ञाता थे। इसीलिए उन्हें योगीराज कहा जाता है। अब यहां लोग योग के प्रति फिर से जागरूक हो रहे हैं और इसके माध्यम से शरीर को स्वस्थ रखने की कवायद कर रहे हैं। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पूरी नगरी एक बार फिर से योगमय होने जा रही है। इस समय विभिन्न स्थलों पर लोगों को योग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि योग दिवस को पूरी तरह सफल बनाया जा सके।
भगत सिंह पार्क में चल रहा योग
डैंपियर नगर स्थित शहीद भगत सिंह पार्क में प्रतिदिन सुबह बुजुर्ग योग का प्रशिक्षण लेते हैं। योग के माध्यम से वह अपने शरीर को स्वस्थ रखने की कवायद कर रहे हैं।
आरपीएफ कर्मी करेंगे योग
योग दिवस पर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ कर्मी योग करेंगे। इसके लिए आरपीएफ बैरक को तैयार किया जा रहा है। आरपीएफ इंस्पेक्टर सतेंद्र यादव ने बताया कि 21 जून को योग दिवस को सफल बनाने के लिए आरपीएफ पूरी तरह तैयार है।
रेलवेकर्मी भी करेंगे प्रतिभाग
जंक्शन रेलवे रोड स्थित मंडल प्रशिक्षण केंद्र पर काफी दिनों से योग शिविर आयोजित किया जा रहा है। यहां रेलवेकर्मी और प्रशिक्षु योग कर अपने दिन की शुरुआत करते हैं। प्रधानाचार्य वाईएस त्यागी के नेतृत्व में सभी कर्मी और प्रशिक्षु योग दिवस पर अपनी प्रतिभागिता दर्ज कराएंगे।
एनसीसी कैडेट्स भी हैं तैयार
मथुरा ब्लॉक कार्यालय के सामने स्थित आर्मी ग्राउंड में 10 यूपी बटालियन, 11 यूपी बटालियन और आरसीबी के एनसीसी कैडेट्स प्रतिदिन योग कर रहे हैं। 21 जून को सुबह 5:30 बजे से योग दिवस मनाए जाने के लिए कर्नल एससी खरबंदा ने सभी वर्तमान और पूर्व एनसीसी कैडेट्स को समय पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।