मथुरा। मौसम बदलने के साथ ही डेंगू का खतरा भी बढ़ रहा है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं नर्सिंग होम एवं पैथोलॉजी संचालकों को निर्देश दिए हैं कि पुष्टि होने के बाद ही डेंगू घोषित किया जाए, गलत रिपोर्ट दी जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिला मलेरिया अधिकारी आरके सिंह एवं नगरीय मलेरिया अधिकारी डॉ. भूदेव सिंह ने बताया कि मौसम बदल रहा है, ऐसे में डेंगू का खतरा भी बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्लेटलेट्स के कम होने का मतलब डेंगू रोग होने की पुष्टि नहीं करता, वायरल संक्रमण तथा अन्य बीमारियों में भी प्लेटलेट्स कम हो जाती हैं।
उन्होंने कहा कि कई बार प्लेटलेट्स कम होने पर नर्सिंग होम और पैथोलॉजी संचालक लोगों में डेंगू होना बता देते हैं, जो गलत है। मरीज की जांच में डेंगू की पुष्टि होने पर ही डेंगू की घोषणा करें साथ ही तत्काल इसकी सूचना मलेरिया कार्यालय में कंट्रोल रूम को दी जाए।
उन्होंने कहा कि प्रयोगशाला जांच में परीक्षण एलाइजा विधि से ही किया जाए। आईजीएम, एनएस वन एंटीजन धनात्मक स्थिति में ही परिणाम कन्फर्म माना जाए। यदि नर्सिंग होम तथा पैथोलॉजी लैब में परीक्षण की सुविधाएं न हों तो बाहर जांच कराकर ही पुष्टि करें।
कोरोना का खतरा बरकरार, पांच पॉजिटिव मिले
जनपद में अभी कोरोना का खतरा बरकरार है। रविवार को जनपद में पांच कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। सभी को होम आइसोलेशन में रखा गया है। कोविड प्रभारी डॉ. भूदेव सिंह ने बताया कि रविवार को आई रिपोर्ट में चौमुहां निवासी 14 वर्षीय किशोरी, छटीकरा निवासी 15 वर्षीय किशोरी, नया नगला निवासी 18 वर्षीय किशोर, मथुरा निवासी 23 वर्षीय युवक और 34 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जनपद में एक्टिव केस बढ़कर 17 हो गए हैं।