गोवर्धन (मथुरा)। माथे पर कस्तूरी तिलक, ठोढ़ी पर हीरा, आभूषण और जवाहरात के शृंगार के बीच खुशबू बिखेरती पुष्प मंजरी के शीश महल, गिरिराज मुकुट मुखारबिंद मंदिर में विराजे गिरिराज प्रभु के दर्शनों को श्रद्धालु लालायित नजर आए।
आस्था और भक्ति के समावेश में बंधे श्रद्धालु मंदिर परिसर में गिरिराज प्रभु का अभिषेक व दर्शन कर सप्तकोसीय परिक्रमा लगा रहे हैं। रविवार को गिरिराज नगरी में गिरिराज प्रभु के दर्शनों को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं के आगमन को लेकर सेवायत जैकी शर्मा, अर्जुन पुजारी, पप्पू पुजारी ने गिरिराज मुकुट मुखराबिंद मानसी गंगा मंदिर में गिरिराज प्रभु का हीरा मणिक, आभूषण, पुष्प मंजरी का शीश महल बना कर अलौकिक शृंगार किया।