गोमाता के संरक्षण को निकले मध्य प्रदेश के गणेश साहू।
- फोटो : MATHURA
राधाकुंड (मथुरा)। गोमाता के संरक्षण को लेकर मध्य प्रदेश निवासी गणेश साहू दिल्ली तक पदयात्रा कर रहे हैं। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के उमरिया गांव निवासी गणेश साहू नौ मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने दिल्ली के लिए पदयात्रा पर निकले हैं। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर गायों को लेकर चर्चा करेंगे।
साहू प्रतिदिन 15-20 किमी पैदल यात्रा करते हैं। हाथ में तख्ती लिए गणेश अब तक 760 किमी पैदल यात्रा कर चुके हैं। दिनभर पैदल चलने के बाद जहां थक जाते हैं, वही विश्राम करने के लिए ठहर जाते हैं। गर्मी तेज होने के कारण अब उन्होंने पैदल यात्रा दिन में न करने की वजह रात में यात्रा करने का निर्णय लिया है।
राधाकुंड पहुंचे साहू ने बताया वह स्थानीय गो भक्त पद्मश्री सुदेवी दासी से मुलाकात करते हुए दिल्ली पहुंच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर गायों की रक्षा और संरक्षण करने की बात करेंगे। प्रधानमंत्री से मिल कर ही अपने घर वापस जाएंगे।
गणेश साहू ने बताया मध्य प्रदेश में लोग गाय का दूध पीने के बाद उनको सड़कों पर छोड़ देते है। वहां गोशालाओं की स्थिति सही नहीं है। गोशालाओं की भूमि पर दबंगों ने कब्जे कर लिए हैं।