गोवर्धन (मथुरा)। बसपा के पूर्व विधायक राजकुमार रावत के खिलाफ फेसबुक पर बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल होने की भ्रामक पोस्ट डालना सपा नेता एवं यूट्यूब चैनल पर खबर चलाना एक पत्रकार को महंगा पड़ गया है। राजकुमार रावत ने सपा नेता सहित पत्रकार के खिलाफ यमुनापार थाने में साजिश के तहत छवि धूमिल करने के आरोप में तहरीर दी है।
रविवार को सपा नेता प्रदीप चौधरी ने सोशल मीडिया फेसबुक पर बसपा के पूर्व विधायक के भाजपा में शामिल होने की पोस्ट वायरल की। जिस पोस्ट पर जिले की राजनीति में प्रतिक्रियाओं के दौर शुरू हो गए। सोमवार को व्हाट्सएप ग्रुपों में यूट्यूब चैनल पर राजकुमार रावत के बसपा छोड़ भाजपा में शामिल होने की खबर विवेक गर्गाचार्य ने वायरल की। इसके वायरल होते ही पूर्व विधायक राजकुमार रावत ने उक्त लोगों के खिलाफ जमुनापार थाने में भ्रामक खबर वायरल कर छवि धूमिल करने के आरोप में तहरीर दी।
राजकुमार रावत ने बताया कि मैं बसपा में हूं, बसपा में रहूंगा, मेरे खिलाफ सपा नेता प्रदीप चौधरी व विवेक गर्गाचार्य द्वारा भ्रामक खबर वायरल कर छवि धूमिल की जा रही है। इनके खिलाफ थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष यमुनापार नरेंद्र सिंह यादव ने बताया तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।