मथुरा। एक बार फिर निरंकारी भक्त वर्चुअल निरंकारी संत समागम का आनंद ले सकेंगे। आगामी 26 फरवरी से महाराष्ट्र का तीन दिवसीय प्रादेशिक वार्षिक निरंकारी संत समागम शुरू होने जा रहा है।
निरंकारी प्रतिनिधि किशोर स्वर्ण ने बताया कि सद्गुरु माता सुदीक्षा महाराज के प्रेरक मार्गदर्शन में महाराष्ट्र का 54वां तीन दिवसीय प्रादेशिक निरंकारी संत समागम 26 फरवरी से शुरू होने वाला है। कोरोना वायरस का संक्रमण अभी भी पूर्णतया थमा नहीं है। इस बात को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार द्वारा कोविड-19 के बारे में जारी किए गए दिशानिर्देशों के अनुसार संत समागम का आयोजन वर्चुअल रूप में होगा, जिसे विश्वभर के लाखों श्रद्धालु घर बैठे लाइव देख सकेंगे।
मथुरा के जोनल इंचार्ज एचके अरोड़ा ने बताया कि महाराष्ट्र के 54वें तीन दिवसीय प्रादेशिक निरंकारी संत समागम का संपूर्ण वर्चुअल प्रसारण निरंकारी मिशन की वेबसाइट व टीवी चैनल पर 26 से 28 फरवरी तक तीनों दिन सायं 5 से रात्रि 9 बजे तक प्रसारित किया जाएगा। इसे मथुरा जोन के भक्तों के साथ ही विश्वभर के लाखों श्रद्धालु लाइव देखेंगे। महाराष्ट्र के संत समागम का मुख्य विषय स्थिरता है। इसके माध्यम से यही पावन संदेश वर्चुअल रूप में जनमानस तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।