जन्माष्टमी से पहले रविवार को भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थान के द्वार से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें उत्तर भारत की लोक संस्कृति की झलक दिखाई देगी। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा आयोजित शोभायात्रा श्रीकृष्ण जन्मस्थान के मुख्यद्वार से रविवार को सुबह 8 बजे शुरू होगी। विभिन्न राज्यों से आए लोक कलाकारों के 20 दल अपनी लोक कला का प्रदर्शन करेंगे। इसमें संत, महंतों के साथ अधिकारी भी शामिल होंगे।
- इस बार जन्माष्टमी दो तिथियों में मनाई जा रही है। मथुरा स्थित जन्मभूमि में 26 अगस्त की रात और वृंदावन में ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में 27 की रात जन्माष्टमी उत्सव है।
- होटल और गेस्ट हाउस हाउसफुल : होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने बताया कि लोगों ने 25 से 28 तक के लिए होटल बुक कराए हैं। इसके अलावा आश्रम, धर्मशाला, गेस्ट हाउस भी श्रद्धालुओं से भरे रहेंगे। जिले में 500 से अधिक होटल और गेस्ट हाउस जबकि 300 से अधिक आश्रम हैं।