गोवर्धन (मथुरा)। राजस्थान की छात्रा के साथ गोवर्धन के एक गेस्ट हाउस में सामूहिक दुष्कर्म के मामले में छात्रा के पिता ने तीन आरोपियों के खिलाफ डीग कोतवाली में देर रात मुकदमा दर्ज कराया।
आरोप है कि स्कूल जाती छात्रा को बाइक सवार दरिंदों ने तमंचे के बल पर अगवा कर गोवर्धन लाया गया। यहां एक गेस्ट हाउस में सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता के पिता ने मुकदमा में गोवर्धन के उस गेस्ट हाउस को भी नामित किया है, जिसमें छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था।
जानकारी के मुताबिक बुधवार को पड़ोसी राज्य राजस्थान के डीग क्षेत्र निवासी 16 वर्षीय छात्रा घर से राजकीय विद्यालय में पढ़ने गई थी। आरोप है कि रास्ते में बाइक सवार गोविंदा, राहुल व जितेंद्र ने तमंचे के बल पर अगवा कर लिया। जितेंद्र ने गोवर्धन में पहले से ही कृष्णा सेवा सदन में कमरा बुक कर रखा था। जहां छात्रा को लाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया था।
छात्रा के पिता ने बताया कि छात्रा की चीख सुनाई देने पर पड़ोस के कमरे में ठहरे यात्रियों ने उसकी मदद की। डीग थाने में गोविंदा, जितेंद्र, राहुल के खिलाफ तहरीर दी। डीग पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छात्रा के पिता की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मुकदमा में गेस्ट हाउस संचालक को भी शामिल किया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
-राजेश पाठक, प्रभारी डीग कोतवाली।