मथुरा। डॉ. बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय द्वारा संचालित बीएड की परीक्षाएं शुक्रवार से शुरू हो गईं। जनपद में बीएड परीक्षाओं के लिए तीन केंद्र बनाए गए हैं, जहां जिले के ३३ कॉलेजों के छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। इसमें सबसे बड़ा केंद्र बीएसए कॉलेज को बनाया गया है।
डॉ. बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा द्वारा निर्धारित परीक्षा कार्यक्रम के तहत बीएड परीक्षाओं की शुरूआत प्रात: ८ बजे से हुई। बाबू शिवनाथ अग्रवाल महाविद्यालय में ३३ कॉलेज के छात्रों ने यहां परीक्षा दी। प्रथम पाली के दौरान पंजीकृत २२६८ में से १८८५ छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। द्वितीय पाली के दौरान ३१९८ पंजीकृत छात्रों में से २८४४ ने परीक्षा दी। नोडल अधिकारी प्राचार्य डॉ. ललित मोहन शर्मा ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्वक आयोजित की गई। गिर्राज महाराज कॉलेज के पांच छात्रों को बगैर प्रवेश पत्र परीक्षा देने से रोका गया है। इसके अलावा जनपद में केआर शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय और आईओपी कॉलेज वृंदावन में भी बीएड की परीक्षा हुई।
डायट में 132 सीटों पर सीधा प्रवेश
मथुरा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में शासन के निर्देश पर डीएलएड प्रशिक्षण के लिए डायट की 132 रिक्त सीटों पर सीधे प्रवेश दिया जाएगा। प्राचार्य डॉ. महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि यह प्रक्रिया 26 सितंबर तक चलेगी। यह सीटें प्रथम और द्वितीय चरण की काउंसिलिंग के दौरान रिक्त रह गई हैं। इन सीटों पर आवेदन करने वाले अभ्यर्थी का स्नातक का परिणाम 27 जुलाई 2022 तक घोषित हो गया हो। संवाद