कोसीकलां। कूलर फैक्टरी में काम करते समय नाबालिग की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मालिक प्लांट छोड़कर भाग गया। परिजन ने हत्या का आरोप लगाया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने पर हंगामा किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव कामर निवासी डालचंद (17) कूलर फैक्टरी में काम करता था। रोजाना की भांति शुक्रवार को भी डॺूटी पर था। काम करते समय अज्ञात कारणों से उसकी मौत हो गई। कर्मचारियों ने शोरगुल किया गया तो आसपास के लोग फैक्टरी में एकत्रित हो गए। सूचना पाकर परिजन और ग्रामीण वहां पहुंच गए। डालचंद की मां का आरोप है कि मालिक ने पुत्र के शव को फैक्टरी के बाहर बरसात में छोड़ दिया। ग्रामीण उसे अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नाबालिग की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने थाने पर पहुंच कर हंगामा किया। प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार का कहना था कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद डालचंद की मौत के कारणों का पता चल सकेगा। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।