चौमुहां। दिल्ली-मथुरा नेशनल हाईवे-19 पर शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आगरा से दिल्ली की ओर जा रहे एक ट्रक में अचानक आग लग गई। घटना जैंत थाना क्षेत्र स्थित तरंग सोसायटी के पास की है। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आगसे ट्रक में काफी नुकसान हुआ है। उसमें रखी बैटरियां जल गईं।
जानकारी के अनुसार, शरद निवासी बंदपुरा, जिला ललितपुर ट्रक लेकर आगरा से दिल्ली की ओर जा रहे थे। शुक्रवार सुबह तरंग सोसायटी के पास अचानक ट्रक के केबिन से धुआं उठने लगा। चालक जब तक कुछ समझ पाता, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
आशंका जताई जा रही है कि ट्रक में शॉर्ट सर्किट (स्पार्किंग) के कारण आग लगी। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंची जैंत थाना पुलिस और दमकल की गाड़ियों ने बड़़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के दौरान हाईवे पर जाम लग गया। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को किनारे किया और यातायात सुचारू कराया।