मथुरा। कस्बा नौहझील में दो नकाबपोश लुटेरों ने सरेराह तमंचा दिखाकर व्यापारी से लूट की वारदात को अंजाम दिया। तमंचे की बट मारकर बदमाश व्यापारी का गल्ला लूटकर भाग गए। इस दौरान वे अपनी बाइक को छोड़ गए। सरेराह लूट की घटना से कस्बे में सनसनी फैल गई। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। लूट की यह वारदात उस वक्त अंजाम दी गई जब एसडीएम आदेश कुमार, सीओ गुंजन सिंह व इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ कस्बे में पैदल गश्त कर रहे थे। सूचना पर पहुंची इलाका पुलिस जांच में जुट गई है।
नौहझील कस्बे के शेरगढ़ रोड़ स्थित पोखर के पास दीपक गुप्ता अपने मकान के नीचे परचून की थोक दुकान चलाता है। मंगलवार देर शाम करीब सवा आठ बजे वह दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहा था। तभी दो नकाबपोश युवक बाइक से दुकान पर आए और गुटखा मांगा। व्यापारी गुटखा लेने दुकान में अंदर चला गया। पीछे-पीछे दोनों नकाबपोश दुकान में घुस आए और तमंचा निकालकर व्यापारी पर तान दिया। दिनभर की दुकानदारी का गल्ला उठाकर मौके से भाग गया। व्यापारी ने लुटेरों को पकड़ना चाहा तो तमंचे की बट मारकर बाइक छोड़ खेतों के रास्ते भाग गए। दीपक ने बताया गल्ले में करीब 60 से 65 हजार रुपये। सूचना पर इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह व उपनिरीक्षक अंकित कुमार मौके पर पहुंचे और व्यापारी से घटना के बारे में जानकारी ली। इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह ने बताया लुटेरे बाइक छोड़कर फरार हो गए। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।