मथुरा। करवाचौथ पर सुहागिनों ने चांद का दीदार कर व्रत खोला तो सराफा बाजार में भी खूब रौनक रही। पिछले दस दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में आई गिरावट ने ग्राहकों को खरीदारी का मौका दिया। पुष्य नक्षत्र के शुभ संयोग और करवाचौथ की खरीदारी ने भी बाजार की चमक बढ़ाई। पिछले चार दिनों में मथुरा के सराफा बाजार में करीब 150 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।
शहर के होली गेट, चौक बाजार, छत्ता बाजार और कृष्णानगर स्थित सराफा प्रतिष्ठानों पर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। करवाचौथ पर पत्नी को उपहार देने के लिए पतियों ने भी आभूषण खरीदे। महिलाओं ने चेन, अंगूठी, मंगलसूत्र और कानों के आभूषणों को प्राथमिकता दी। वहीं चांदी की पायल, बिछिया और कड़ों की भी खूब बिक्री हुई। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए सराफा कारोबारियों ने विशेष छूट और लुभावनी योजनाएं भी पेश कीं। कारोबारियों के अनुसार, शहर में करीब 200 सराफा प्रतिष्ठान हैं। इनमें 70 से 80 बड़े और नामी प्रतिष्ठान हैं, जबकि शेष छोटे दुकानदार हैं। पिछले चार दिनों में बाजार में खरीदारी का अच्छा माहौल रहा। सोने-चांदी के भाव में नरमी से उन ग्राहकों ने भी खरीदारी की, जो कीमतें घटने का इंतजार कर रहे थे।
-
पिछले दस दिनों में सोने-चांदी के भाव कम होने से बाजार में ग्राहकों की संख्या बढ़ी है। सोने की अपेक्षा ग्राहकों ने चांदी के आभूषणों को अधिक तरजीह दी है। करवाचौथ के चलते पिछले चार दिनों में कारोबार अच्छा रहा।
अक्षय गर्ग, सराफा कारोबारी
त्योहार पर आभूषण खरीदने वालों में उत्साह दिखाई दिया। कीमतों में गिरावट से उन ग्राहकों ने भी खरीदारी की, जो पहले भाव कम होने का इंतजार कर रहे थे। ग्राहकों को इटालियन गोल्ड और सिल्वर के आभूषण बेहद पसंद आए।
रविश अग्रवाल, सराफा कारोबारी