मथुरा पहुंचे न्यायिक आयोग चेयरमैन
- फोटो : अमर उजाला
एक बार फिर जवाहर बाग न्यायिक आयोग के चेयरमैन जांच के लिए मथुरा आ गए हैं। उन्होंने अब तक मिले शपथ पत्रों के साथ प्रशासनिक स्तर से मिली पत्रावलियों का अवलोकन करना शुरू कर दिया है। हालांकि उन्हें एक माह की जांच प्रक्रिया के बावजूद कई विभागों से पत्रावलियां नहीं मिल सकी हैं।
जवाहर बाग कब्जा और हिंसा प्रकरण की जांच के लिए गठित एकल सदस्यीय न्यायिक आयोग के अध्यक्ष इलाहाबाद हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश मिर्जा इम्तियाज मुर्तजा सोमवार को पीडब्ल्यूडी स्थित कार्यालय पहुंचे। यहां आयोग के सचिव सेवानिवृत्त जिला जज एवं सत्र न्यायाधीश प्रमोद कुमार गोयल के साथ अब तक की जांच प्रक्रिया पर चर्चा की।
अब तक विभिन्न व्यक्तियों और संगठनों के स्तर से मिले करीब 85 शपथ पत्रों को भी देखा। जांच के पहलुओं को लेकर जवाहर बाग से जुड़े विभागों से अब तक प्राप्त हुई रिपोर्ट को भी देखा।
उन्होंने बताया कि इस प्रकरण में साक्ष्य और शपथ पत्र देने वालों के बयान लेने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।
अभी तक कई विभागों ने जवाहर बाग प्रकरण को लेकर मांगी गई रिपोर्ट आयोग कार्यालय में उपलब्ध नहीं कराई है। इन विभागों को जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश दिए जाएंगे। इस दरम्यान न्यायिक आयोग अध्यक्ष से मिलने के लिए कई लोग पहुंचे।