मथुरा। झारखंड और बिहार के स्वादिष्ट फलों में शुमार आम मालदा अब ब्रजवासियों के मुंह में भी मिठास घोलेगा। यही नहीं अब यहां थाईलैंड का अमरूद भी मथुरा के फल बाजार बिकेगा। ऐसे ही कुछ और खास किस्म के अन्य प्रांतों में पाए जाने वाले फलों के पौधे किसान सुधीर अग्रवाल की तीन एकड़ की वाटिका में तैयार हो चुके हैं जिन्हें अब विस्तार देने की तैयारी है।
मथुरा धार्मिक क्षेत्र है। यहां दर्शन के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। इसे बाजार के रूप में उपयोग करने की योजना पर काम कर रहे जिले के उन्नतिशील किसान सुधीर अग्रवाल ने एक खास पौधशाला तैयार की है जो पहाड़ों के साथ विभिन्न राज्यों के मैदानी क्षेत्रों में पाए जाने वाले फलों के पौधों का संग्रह है। इसमें सबसे ज्यादा पौधे आम और अमरूद की विभिन्न प्रजातियों के हैं जो अलग-अलग राज्यों में स्वाद के मामले में अपनी खास पहचान बनाए हुए हैं। इसमें पूसा दिल्ली का ललिया आम, झारखंड-बिहार का आम मालदा और थाईलैंड का अमरूद भी शामिल है।