पुलिस द्वारा रस्सा लगाकर रोके श्रद्धालु। संवाद
वृंदावन। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री के श्रीबांकेबिहारी मंदिर आगमन को लेकर मंदिर प्रबंधन ने बड़ा बदलाव किया। सीएम की सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए प्रबंधन ने नई व्यवस्था लागू की। इसमें मंदिर के वीआईपी गेट को आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया। इधर मंदिर के निकास द्वार से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सीएम को प्रवेश दिया गया। सीएम के आने से पहले श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश से रोक दिया गया। इससे मंदिर मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हो गई।
रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के श्रीबांकेबिहारी मंदिर के आगमन लेकर मंदिर प्रबंधन ने व्यवस्था में बदलाव किए। वीआईपी के आने से पहले मंदिर के आधे चौक में रेलिंग एवं रस्सियां लगा दो भाग में बांट दिया। मंदिर के गेट एक के सामने वाले भाग को आरक्षित रखा। मंदिर के वीआईपी गेट संख्या पांच को आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। गेट तीन और गेट पांच से श्रद्धालुओं ने मंदिर में प्रवेश कर आराध्य के दर्शन करने के बाद गेट चार से बाहर निकाला गया। इधर मंदिर के जिस गेट एक से श्रद्धालुओं की निकासी की व्यवस्था रहती थी, उस गेट से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री ने मंदिर में प्रवेश किया। इनके आने से आधे घंटे पहले श्रद्धालुओं को मंदिर से बाहर ही रोक दिया गया। मंदिर को श्रद्धालुओं से पूरी तरह खाली करा लिया गया। मंदिर प्रबंधन ने भाजपा अध्यक्ष एवं सीएम के स्वागत में मंदिर के चौक में लाल रंग का कालीन बिछाया।