व्यापारियों की महापंचायत, बंद रहे बाजार
- फोटो : Amar Ujala
बाजना रोड स्थित मोरकी के मैदान पर शुक्रवार को व्यापारी अनिल गुप्ता के समर्थन में महापंचायत हुई। इस दौरान कस्बे के व्यापारियों ने बाजार बंद रखा। पंचायत के बाद ही बाजार खुला। महापंचायत का शुभारंभ चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।
अपने संबोधन में पीड़ित व्यापारी अनिल गुप्ता ने कहा कि मुझ पर रालोद नेता योगेश नौहवार से सुलह-समझौते के लिए दबाव डाला जा रहा है। परिवार को धमकी दी जा रही है। सपा नेता जगदीश नौहवार ने उनकी मदद की है। जगदीश नौहवार ने कहा कि रालोद नेता उन्हें बदनाम कर रहे हैं। पीड़ित व्यक्ति की मदद कर उन्होंने कौन सा गुनाह कर दिया। इस दौरान जगदीश नौैहवार ने भावुक आवाज में कहा कि यदि वे गलत हैं तो हमेशा के लिए राजनीति छोड़ देंगे।
जिला पंचायत सदस्य सुनीता नौहवार ने कहा कि पंचायत में बार-बार दोनों नेताओं को एक करने की बात की जा रही है। आज मौका है रालोद नेता योगेश नौहवार पंचायत के समक्ष आएं। उन्होंने मंच से ही मोबाइल का स्पीकर आन कर योगेश नौहवार को फोन लगाया और पंचायत में आने को कहा। उत्तर में रालोद नेता ने कहा कि उन्हें पहले क्यों नहीं बुलाया गया।
किसान नेता रामबाबू कटैलिया ने कहा कि नौहवारी-नरवारी क्षेत्र के दो होनहार नेताओं में इस तरह का मनमुटाव ठीक नहीं है। क्षेत्र के गण्यमान्य लोगों की एक समिति गठित कर दोनों पक्षों को सुना जाना चाहिए, तभी कोई समाधान संभव है।
इस दौरान डीसीएफ चेयरमैन रामधन गुर्जर, पूर्व ब्लाक प्रमुख ललित चौधरी, नेपाल सिंह जाबरा, गजेंद्र प्रधान, लक्ष्मन प्रधान, गोपाल चौधरी, छेदालाल पाठक आदि ने भी विचार व्यक्त किए। अध्यक्षता शिवचरन सिंह ने की। संचालन जयपाल प्रधान ने किया। इस मौके पर डॉ. राजन रिजवी, नीटू चौधरी, सत्यपाल प्रधान आदि भी मौजूद रहे।