प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आम जनता के लिए नहीं कारपोरेट कंपनियों के लिए काम कर रहे हैं। देश की सीमा पर पाकिस्तान लगातार हमले कर रहा है। जवान शहीद हो रहे हैं। इसके बाद भी प्रधानमंत्री चुप हैं। कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री ने बुधवार को मथुरा में यह बात कहीं। वे प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष निर्मल खत्री के साथ कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता प्रदीप माथुर के आवास पर उनकी माताजी को श्रद्धांजलि देने आए थे।
मिस्त्री ने कहा कि देश की रक्षा के लिए चुनाव से पहले 56 इंच का सीना की बात करने वाले नरेंद्र मोदी का सीना अब क्या 5.5 इंच का रह गया है। जो सीमा पर हमले का जवाब देने के लिए वह नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसा लगता है कि जैसे नवाज शरीफ और नरेंद्र मोदी मिलकर ही यह कृत्य कर रहे हैं। जिससे देश के अंदर कायम जंगलराज से जनता का ध्यान भटकाया जा सके। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष निर्मल खत्री ने कहा कि बसपा नेता अब मायावती पर रुपये लेकर टिकट देने का आरोप लगा रहे हैं। इस दौरान विधायक प्रदीप माथुर के आवास पर जिलाध्यक्ष आबिद हुसैन, शहर अध्यक्ष मलिक अरोड़ा, पूर्व अध्यक्ष बिहारीकांत तिवारी आदि उपस्थित रहे।