मथुरा। डॉक्टर दंपती और यूपी-112 के पीआरवी कर्मियों से अभद्रता करने वाले रालोद नेता योगेश नौहवार समेत 20 लोगों की तलाश में हाईवे पुलिस ने दबिश दी, पर कोई भी हत्थे नहीं चढ़ सका। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं।
थाना हाईवे की पॉश कालोनी राधापुरम एस्टेट में 28 मार्च को डॉक्टर दंपती से अभद्रता हुई थी। नौकरानी को लेकर हुए विवाद के बाद पहुंची यूपी-112 की पीआरवी पुलिसकर्मियों से अभद्रता कर दी गई। रालोद नेता योगेश नौहवार, दिनेश खंडेलवाल, जगवीर चौधरी, दिनेश कुमार गौतम, अनीता शेखर और 15 अज्ञात पर आरोप लगा था।
इनके खिलाफ थाना हाईवे में डॉक्टर दंपती और पुलिसकर्मियों से अभद्रता, सरकारी कार्य में बाधा समेत संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने कॉलोनी के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं। हाईवे पुलिस ने रालोद नेता समेत आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी, पर कोई हत्थे नहीं चढ़ सका है। सीओ रिफाइनरी वरुण कुमार ने बताया कि आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।