मथुरा। राज्य कर विभाग के अधिकारियों ने टॉप-10 बकाएदारों की सूची तैयार की है। इन पर करोड़ों रुपये का टैक्स बकाया है। इनमें कुछ फर्में ऐसी भी हैं, जो बंद हो चुकी हैं। इन फर्मों से वसूली करने में अधिकारियों को कई चुनौतियां का सामना करना पड़ा है।
अधिकारियोंं के मुताबिक, इन बकाएदारों पर एक करोड़ से 40 करोड़ रुपये तक बकाया हैं। इसमें बंद हो चुकी एक ऐसी फर्म भी है, जिस पर 40 करोड़ रुपये का टैक्स बकाया है। कर वसूली के लिए विभाग आरसी भी जारी कर चुका है, लेकिन उक्त फर्म आज तक टालमटोल कर रही है।
इसके अलावा अन्य फर्मों पर भी एक से लेकर पांच करोड़ रुपये तक का कर बाकी है। विभाग ने इन फर्मों को फिलहाल नोटिस भेजकर टैक्स जमा करने के लिए कहा है। अगर निर्धारित समय में टैक्स जमा नहीं कराया तो इनके खिलाफ विभाग कार्रवाई करेगा। राज्य कर विभाग के संयुक्त आयुक्त रमेश सिंह ने सूची बनने से इंकार किया है। उनका कहना है कि विभाग अभी विचार कर रहा है।