धर्मरक्षा संघ ने धर्म नगरी वृंदावन में गली-गली, चौराहे-चौरोह पर शराब और मादक पदार्थ की बिक्री का आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
धर्मरक्षा संघ के अध्यक्ष सौरभ गौड़ ने कहा कि वृंदावन ड्राई एरिया होने के बाद भी पुलिस और आबकारी विभाग की मिलीभगत से नगर के राधा निवास, रंगजी मंदिर क्षेत्र, गौरा नगर कालोनी, किशोरपुरा, अठखंभा, अनाजमंडी, गौतम पाड़ा, सीएफसी, प्रेमगली, चैतन्य विहार, पानीघाट आदि क्षेत्रों में इन दिनों अवैध रूप से शराब, चरस, गांजे की बिक्री की जा रही है।
लोगों की शिकायत के बाद भी कोतवाली पुलिस और आबकारी विभाग सुनवाई नहीं कर रहा है। आचार्य बद्रीश, राजकुमार शर्मा और श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि वृंदावन के सीमावर्ती गांवों में सरकारी ठेकों को बंद कराने के बाद धर्मरक्षा संघ वृंदावन में अवैध रूप से शराब बिक्री के खिलाफ अभियान चलाएगा।
आचार्य मृदुलकांत शास्त्री, गोपेश गोस्वामी, देवेंद्र गोस्वामी, अश्वनी मिश्र ने एसएसपी से शराब और मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है।