मानवेंद्र सिंह
मथुरा। सरकारी सिस्टम की सुस्ती का खामियाजा 20,894 नौनिहाल भुगत रहे हैं। सर्दी शुरू हो चुकी है, लेकिन हजारों बच्चों को अब तक गणवेश, स्वेटर और जूते-मोजे के लिए मिलने वाली सरकारी मदद नहीं मिली। नतीजा, बच्चे ठिठुरते मौसम में सामान्य कपड़ों और चप्पलों में स्कूल पहुंचने को मजबूर हैं।
बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत में ही गणवेश, स्वेटर, स्कूल बैग और जूता-मोजा खरीदने के लिए अभिभावकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 1200 रुपये भेजे जाने का प्रावधान है। इसके लिए सरकार की ओर से जुलाई-अगस्त तक धनराशि हस्तांतरित करने की व्यवस्था है, ताकि बच्चे समय से अपनी जरूरत का सामान खरीद सकें। मगर विभागीय और बैंकिंग प्रक्रियाओं की सुस्ती ने बच्चों को परेशानी में डाल दिया है।
बुधवार को परिषदीय विद्यालयों की पड़ताल में इसकी तस्वीर भी सामने आई। कई बच्चे बिना स्वेटर, जूते और मोजों के स्कूल पहुंचे। किसी के पैरों में चप्पल थी तो कोई सामान्य कपड़ों में नजर आया। सर्दी के बीच बच्चों के पास न गर्म कपड़े थे और न ही पूरी गणवेश। हैरानी की बात यह है कि सत्र शुरू हुए कई महीने बीत चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार अब तक सभी बच्चों तक योजना का लाभ नहीं पहुंचा सके हैं। संवाद
-
20 हजार से अधिक बच्चों का पैसा अटका
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, जिले में कुल 1,36,242 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इनमें से 1,15,348 के अभिभावकों के खातों में ही धनराशि पहुंच सकी है। शेष 20,894 बच्चे अब भी योजना के लाभ से वंचित हैं। इनमें 11,903 बच्चों का भुगतान आधार सीडिंग और अन्य तकनीकी दिक्कतों में अटका है, जबकि 8,991 बच्चे एसएचक्यू बैच प्रक्रिया में लंबित हैं।
एनपीसीआई मैपिंग पूरी नहीं
अधिकारियों का कहना है कि कई अभिभावकों के बैंक खातों में आधार सीडिंग यानी एनपीसीआई मैपिंग पूरी नहीं है। कहीं बैंक खाते के विवरण में त्रुटियां हैं तो कहीं बैंक और विभाग के बीच सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। शासन के निर्देश थे कि जुलाई-अगस्त तक आधार और बैंक संबंधी प्रक्रिया पूरी न होने वाले बच्चों का डाटा अपडेट होते ही सर्दी से पहले भुगतान कर दिया जाए। इसके बावजूद बड़ी संख्या में बच्चे इंतजार कर रहे हैं।
-
जिन अभिभावकों के बैंक खातों में आधार सीडिंग या अन्य तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं, उन्हें शिक्षकों के माध्यम से जागरूक कर बैंक भेजा जा रहा है। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि लंबित मामलों का जल्द निस्तारण कराएं, ताकि शेष बच्चों को भी शीघ्र योजना का लाभ मिल सके।
- रतन कीर्ति, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी