मथुरा। इजराइल के युवक और युवती को ठहराने में होटल मुकुंद वाटिका के प्रबंधक की लापरवाही उजागर हुई है। होटल के प्रबंधक ने विदेशियों को ठहराने के लिए एलआईयू और पुलिस से यह तथ्य छुपाया। एलआईयू के होटल चेक में यह तथ्य सामने आया। एलआईयू इंस्पेक्टर ने प्रबंधक के खिलाफ 14 विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
श्रीकृष्ण की जन्मस्थली में विदेशियों का आना लगा रहता है। यह विदेशी मथुरा में आकर होटलों में ठहरे थे। इन विदेशियों की आवाजाही पर पूरी नजर रखने के लिए एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने मथुरा पुलिस और एलआईयू को निर्देश दिए थे। पांच मार्च को एलआईयू ने होटलों में चेकिंग करके विदेशियों के ठहराव की हकीकत परखी। बीएसए कॉलेज के पास होटल मुकुंद वाटिका में इजराइल के युवक और युवती ठहरे पाए गए।
खास यह है कि इसकी जानकारी पुलिस और एलआईयू को नहीं दी गई। एलआईयू इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने होटल मुकुंद वाटिका के प्रबंधक पर 14 विदेश अधिनियम के तहत कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि होटल में इजराइल निवासी मैक्सिम फेलडमैन और हननाह एलब्यूम रुके हुए थे। इन दोनों के कागजात बिल्कुल सही पाए गए। प्रबंधक के खिलाफ 14 विदेशी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है।