फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घूंघट में चेहरा, हाथों में लट्ठ: मथुरा के नौहझील में हुरियारों पर बरसीं प्रेम पगी लाठियां, आनंदित हो उठे लोग

Sat, 28 Feb 2026 02:12 PM IST
Dhirendra Singh संवाद न्यूज एजेंसी, मथुरा

सार

नौहझील में ठाकुर राधा श्याम सुंदर मंदिर के सानिध्य में लठामार होली भव्यता के साथ मनाई गई, जहां घूंघट की ओट में हुरियारिनों ने प्रेम पगी लाठियां बरसाईं। डोला यात्रा, पुष्प वर्षा और भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूम उठे, पूरा कस्बा भक्तिरस और उल्लास में डूबा रहा।
विज्ञापन
लठामारी होली - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ब्रज की सतरंगी छटा और कान्हा-राधा के अलौकिक प्रेम का प्रतीक 'लठामार होली' शनिवार को कस्बा नौहझील में पूरी भव्यता के साथ आयोजित की गई। ठाकुर राधा श्याम सुंदर मंदिर के सौजन्य से आयोजित इस उत्सव में परंपरा और उल्लास का ऐसा संगम दिखा कि समूचा कस्बा 'होरी रे रसिया' के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। लठामार होली का आनंद लेने के लिए न केवल स्थानीय लोग, बल्कि दूर-दराज के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
विज्ञापन



 

उत्सव का शुभारंभ ठाकुर राधा श्याम सुंदर मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुआ, जहाँ मंदिर के महंत ईश्वर चंद्र शास्त्री ने हुरियारे और हुरियारिनों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। दोपहर साढ़े 11 बजे जब भगवान का डोला रथ पर सवार होकर निकला, तो वातावरण भक्तिमय हो गया। राधा की सखियों के रूप में सजी-धजी हुरियारिनें, जो लहंगा-चुन्नी और आभूषणों से सुसज्जित थीं, घूंघट की ओट से जब हुरियारों पर प्रेम पगी लाठियां बरसा रही थीं, तो द्वापर युग की जीवंत झलक दिखाई दी। कृष्ण के सखा बने हुरियारे ढालों के सहारे खुद को बचाते नजर आए, लेकिन हुरियारिनों के वार के आगे उनकी ढालें भी छोटी पड़ गईं। इस हास-परिहास और मीठी नोकझोंक ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

 
विज्ञापन

नगर भ्रमण के दौरान यह भव्य शोभायात्रा बाजना रोड, अयोध्या कुंज, चामड़ चौराहा, होली चौक और रेतिया बाजार जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरी, जहाँ कस्बावासियों ने पुष्प वर्षा कर और पटुका पहनाकर हुरियारों का अभिनंदन किया। जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए शर्बत, शीतल पेय और जलपान की व्यवस्था की गई थी।अब रामलीला मैदान में लठामार होली,छड़ीमार होली  जारी है।सुरक्षा की दृष्टि से थाना प्रभारी सोनू सिंह और पुलिस बल मुस्तैद रहा, जिससे यह भव्य आयोजन शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ जारी है।




 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें