मांट(मथुरा)। थाना मांट क्षेत्र के गांव आशागढ़ी में बुधवार शाम अजीत पक्ष के लोग विद्युत पोल पर टंगे ट्रांसफार्मर पर अपना बिजली का तार जोड़ रहे थे। इस दौरान विनोद के घर की बिजली का तार निकल जाने पर अजीत एवं विनोद पक्ष में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई जिसमें बीच बचाव को आई विनोद की गर्भवती पत्नी पिंकी पेट में चोट लगने से घायल हो गई। इस मामले की शिकायत विनोद ने थाना मांट में की थी। गुरुवार सुबह पुलिस ने घायल महिला को चिकित्सीय परीक्षण के लिए बुलाया था। गुरुवार को जब विनोद अपनी पत्नी को लेकर थाने जा रहा था तभी रास्ते मे अजीत पक्ष ने रोक लिया और समझौते को दबाव बनाने लगे। जिसमें दोनों पक्षों में विवाद बढ़ने पर पुनः झगड़ा हो गया। आरोप है कि इस दौरान अजित पक्ष ने फायरिंग कर दी। जिसमें विनोद के चचेरे भाई राहुल के पैर में गोली लग गई। झगड़े में गोली चलने की सूचना पर मांट पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देख आरोपित पक्ष के लोग भाग गए। पुलिस ने झगड़े में घायल विनोद, राहुल एवं पिंकी को मजरूह चिट्ठी देकर चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया। इस सबंध में विनोद ने गुरुवार को दूसरे पक्ष के अजीत, सत्यवीर, शिवकुमार, पिंटू आदि के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।