कोसीकलां। हिंदू इंटर कॉलेज के मैदान में रविवार से 39वें अंतरराज्यीय कोसी आमंत्रण क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। उद्घाटन मैच अचीवर एकेडमी मथुरा और जेडी क्लब फरीदाबाद के बीच खेला जाएगा। नॉकआउट वाले टूर्नामेंट में 16 टीमें शामिल होंगी।
टूर्नामेंट में दिल्ली-उत्तराखंड, हरियााणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र सहित कई शहरों की टीमों के बीच मुकाबला होगा। शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी, टूर्नामेंट संयोजक कमल किशोर वार्ष्णेय, सह संयोजक विवेक चौधरी, अध्यक्ष दिग्विजय सिंह (मोनू) ने बताया कि हर साल स्व. रतिराम सरपंच की स्मृति में यह आयोजन होता है।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण होंगे। इस बार टूर्नामेंट में 16 टीमें भाग ले रही हैं। विजेता टीम को 1.51 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। उपविजेता को एक लाख रुपये दिए जाएंगे। मैन ऑफ द मैच, प्लेयर ऑफ द मैच, वेस्ट बॉलर अवार्ड से भी खिलाड़ियों को नवाजा जाएगा। फाइनल मुकाबला 4 जनवरी को खेला जाएगा। प्रबंधक वीरेंद्र चौधरी, मुकुंद निरंकारी, महेंद्र सिंह, रोहताश चौधरी, अप्पू पहलवान, मीडिया प्रभारी जिब्रान हुसैन आदि मौजूद रहे। संवाद