कनकबेल श्रीराधिका, मोहन श्याम तमाल, दो मन मिल एक भए, श्रीराधावल्लभ लाल...। कुछ ऐसा ही शनिवार को ठाकुर राधावल्लभ मंदिर में सुनने को मिला। एक माह से चल रहे खिचड़ी महोत्सव का शनिवार को समापन हो गया। इसमें आखिरी दिन ठाकुरजी ने राधाकृष्ण के मिश्रित स्वरूप युगल सरकार के वेश में दर्शन दिए।
सुबह अपने आराध्य की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालु में होड़ मची रही। सुबहर दर्शन खुलते ही मंदिर प्रांगण राधावल्लभलाल और युगल सरकार के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। इसके बाद समाज गायन का आयोजन हुआ। इसमें राकेश मुखिया के निर्देशन में भक्तों ने खिचड़ी के पद गाए। इस अवसर पर मंदिर के सेवायत विष्णु वल्लभ गोस्वामी, चंचल गोस्वामी, छोटू गोस्वामी, श्याम गोस्वामी ने भक्तों को खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया।