मथुरा। कस्तूरबा विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं को डिजिटल साक्षरता में दक्ष करने के लिए अब उन्हें कंप्यूटर ज्ञान भी दिया जाएगा। एचसीएल कंपनी के विशेषज्ञ छात्राओं को कंप्यूटर शिक्षा में दक्ष करेंगे। इसमें कोडिंग और बेसिक कंप्यूटर ज्ञान के साथ एआई के बारे में भी सिखाया जाएगा। इसके लिए सभी विद्यालयों में कंप्यूटर लैब स्थापित होंगी। इसके बाद प्रशिक्षण शुरू होगा।
कार्यवाहक बीएसए केपी शुक्ला ने बताया कि जिले में आठ कस्तूरबा गांधी विद्यालय हैं। यहां अध्यनरत छात्राओं को कंप्यूटर शिक्षा दी जानी है। बेसिक ज्ञान के साथ ही कोडिंग, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई), डिजिटल साक्षरता में दक्ष बनाए जाने का प्रयास हो रहा है।
इसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार ने एचसीएल को दी है। संस्थान की ओर से स्कूलों में कंप्यूटर की पढ़ाई की व्यवस्था की जाएगी। जल्द ही कंपनी की ओर से स्कूलों में संपर्क कर लैब आदि से जुड़े काम पूरा करने और उसके बाद पढ़ाई की जाएगी। कंपनी के विशेष छात्राओं को प्रशिक्षण देंगे।