मथुरा। इंजीनियरिंग कार्य के चलते कासगंज-अछनेरा पैसेंजर ट्रेन 24 और 27 जून को निरस्त रहेगी। दोनों दिन कासगंज-मारहरा स्टेशनों के बीच मरम्मत कार्य किया जाएगा।
मथुरा से कासगंज जाने वाले रेल यात्रियों को 24 और 27 जून को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। दोनों दिन ट्रेन का संचालन नहीं होगा। कासगंज-मारहरा स्टेशनों के बीच पुल के पुराने गार्डर बदलने का काम किया जाएगा। मरम्मत कार्य के चलते दोनों दिन कई घंटे का ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान ट्रैक पर अन्य ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित रहेगा। इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि काम पूरा होने के बाद कासगंज-अछनेरा-कासगंज ट्रेन का संचालन सुचारू कर दिया जाएगा।
ट्रेन निरस्त होने से दैनिक यात्रियों को होगी परेशानी
24 और 27 जून को कासगंज-अछनेरा पैसेंजर ट्रेन से निरस्त होने से सबसे ज्यादा परेशानी दैनिक यात्रियों को उठानी पड़ेगी। रोजाना सैकड़ों की संख्या में दैनिक यात्री कासगंज अछनेरा पैसेंजर ट्रेन से सफर करते हैं। ट्रेन निरस्त होने से दैनिक यात्रियों को सफर तय करने में वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ेगा।