मथुरा। अखंड सौभाग्य का पर्व करवाचौथ आज बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। सुहागिनें पति की लंबी आयु के लिए निर्जला व्रत रखेंगी। वहीं त्योहार को खास और यादगार बनाने के लिए पति भी पत्नी के साथ खरीदारी करने में जुटे हैं। बृहस्पतिवार को बाजारों में महिलाओं की खासी भीड़ उमड़ी। सोलह शृंगार की सामग्री, साड़ियां, चूड़ा और पूजा के लिए डिजाइनर करवा, छलनी की जमकर खरीदारी हुई। चौक बाजार, छत्ता बाजार, होली गेट, सेठवाड़ा, कृष्णानगर औरंगाबाद में ग्राहकों की भीड़ ने बाजार की रौनक बढ़ा दी।
पं. अजय कुमार तैलंग ज्योतिषाचार्य के अनुसार कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाने वाला करवाचौथ एक प्रमुख हिंदू त्योहार है। इस बार यह आज शुक्रवार को मनाया जाएगा। इसमें विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और कल्याण के लिए निर्जला उपवास रखती हैं। महिलाएं चांद को देखने के बाद ही व्रत तोड़ती हैं। पूजन का शुभ महुर्त शाम 5.50 से 7:38 तक रहेगा। इस व्रत के दौरान सुहागिनें सुबह सूर्योदय से पहले सरगी खाकर व्रत शुरू करती हैं और चांद देखने के बाद ही व्रत पारण करती हैं। शुक्रवार रात 08:10 बजे चंद्रोदय का समय रहेगा।
करवाचौथ को लेकर नव विवाहिताएं बेहद उत्साहित हैं। यह उनका पहला करवाचौथ है और इसे खास बनाने के लिए आकर्षक मेंहदी रचाई जा रही है। टैटू वाली मेंहदी उनके लिए खास बनी हुई है। विवाहिताओं ने अपने पति की फोटो की मेंहदी भी लगवाई है। इसके अलावा मिक्स अरेबियन और थ्रीडी मेंहदी लगवाने के लिए महिलाओं की दुकानों पर खूब भीड़ रही। इसके लिए विवाहिताओं ने 300 से 2500 रुपये तक खर्च किए हैं।
कांजीवरम साड़ी की विशेष डिमांड
बाजार में कांजीवरम साड़ियां और क्रॉप टॉप ड्रेस की विशेष डिमांड रही। शाही लुक पाने के लिए कांजीवरम साड़ियों की खूब बिक्री हुई। इसके अलावा अलग-अलग रंगों में क्राॅप टॉप और फिश कट गाउन भी खूब बिका। जो बाजारों में 5000 से 25000 रुपये तक की रेंज में उपलब्ध था। वहीं चूड़ा दो सौ रुपये से लेकर ढाई हजार रुपये तक में खरीदा गया। आमतौर पर नवविवाहिताएं चूड़े को शादी के साल भर तक नहीं उतारती हैं। करवाचौथ पर हर महिला की पहली पसंद चूड़ा है।