मथुरा। कोसीकलां में ओवरलोड वाहनों द्वारा सड़क पर डाली गई मौरंग। संवाद
- फोटो : mathura
कोसीकलां (मथुरा)। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव जे जैन के ओवरलोडिंग वाहनों पर कार्रवाई की धमक रविवार को कोसी में भी देखने को मिली।
ओवरलोड वाहन मौरंग से भरे डंपरों को पुरानी जीटी रोड पर खाली करके चले गए। इससे नगर में जाम के हालात बन गए। बाद में नगर पालिका प्रशासन ने जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉली से मौरंग को उठवाकर कुछ अविकसित काॅलोनियों की जर्जर सड़कों पर डलवाकर समतल करा दी। इससे काॅलोनियों में जलभराव की समस्या से निजात मिल सकेगी। वहीं कुछ को गांधी चिकित्सालय परिसर में डंप करा दिया।
मांट क्षेत्र में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के ओवरलोडिंग वाहनों के खिलाफ पिछले कुछ समय से अभियान चला रखा है। इसी के तहत रविवार की सुबह शेरगढ़-नौहझील क्षेत्र में अभियान चला कर चालान करने की कार्रवाई की जा रही थी। इसकी जानकारी मिलने पर प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह ने गोपाल बाग क्षेत्र पर कार्रवाई करनी शुरू कर दी, इससे राजस्थान की ओर से आने वाले ओवरलोड वाहनों के चालकाें को इसकी खबर मिल गई। चालान होने के डर से डंपरों में भरी मौरंग को रेलवे रोड, पुरानी जीटी रोड पर खाली करके भाग गए।
नगर पालिका चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल ने बताया कि जेसीबी के माध्यम से ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरवाकर कुछ अविकसित काॅलोनियों में सड़कों को समतल करा दिया।
ओवरलोडिंग करने वालों पर वाहनों में क्षमता से अधिक माल मिलने पर 22 हजार रुपये टन जुर्माना लगता है। एक टन अधिक माल होने पर 20 हजार रुपये ओवरलोडिंग जुर्माना और दो हजार रुपये पहले टन का जुर्माना लगता है। कुल मिलाकर कुल 22 हजार रुपये जुर्माना हो गया है। प्रत्येक वाहन की क्षमता अलग-अलग है।
-राजेश राजपूत, एआरटीओ, प्रवर्तन प्रथम दल, मथुरा।