रमणरेती मार्ग स्थित होटल बसेरा में सोमवार को देश के 21 प्रांतों से आए पत्रकारों ने पत्रकारों के हित और उनकी सुरक्षा पर मंथन किया। दानीराम शर्मा के निर्देशन में ब्रज के कलाकारों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दीं।
सम्मेलन में कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता विधायक प्रदीप माथुर ने कहा कि प्रेस की स्वतंत्रता और निष्पक्षता बहुत आवश्यक है। एसएसपी डाक्टर राकेश सिंह ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूत और निर्भीक बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि मीडिया ही ऐसा साधन है जो लोगों को सच्चाई से रूबरू कराता है।
उप्र मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के अध्यक्ष हेमंत तिवारी ने पत्रकारों की सुरक्षा के लिए राष्ट्रीय स्तर पर आयोग बनाने की मांग की। ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष कमलकांत उपमन्यु ने पत्रकारों को कस्बा और तहसील स्तर पर भी मान्यता दिलाने, टोल टैक्स माफ कराने, बस, रेल किराए, चिकित्सा में छूट आदि मांग कीं।
एसपी सिटी मुकुल द्विवेदी, एसपी देहात अरुण कुमार सिंह, एसपी ट्रैफिक आशुतोष द्विवेदी, मोहनश्याम शर्मा आदि ने भी विचार व्यक्त किए। सत्य पारिक, कृष्ण मोहन झा, टीबी सिंह, कुमार स्वामी, बीएन कार, अभिमन्यु पांडेय, रिंकू पाठक, पवन गौतम आदि उपस्थित थे। संचालन रवि यादव ने किया।