मथुरा। एसपी रेलवे आदित्य लांग्हे ने शनिवार को जीआरपी थाने का निरीक्षण किया और जंक्शन की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अपराधियों के डॉजियर भरवाने, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, प्रभावी पैरवी और आरपीएफ के साथ मिलकर अवैध वेंडरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
शनिवार दोपहर को एसपी रेलवे आदित्य लांग्हे ने जीआरपी थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले महिला हेल्प डेस्क, आगंतुक रजिस्टर को देखा। इसके बाद सीसीटीएनएस के कार्य को भी देखा। थाने की साफ-सफाई, केसों की विवेचना, वांछित, मालखाना, हिस्ट्रीशीट आदि रजिस्टरों को चेक किया। उन्होंने थान के शस्त्रागार में रखे सभी शस्त्रों की साफ-सफाई और रखरखाव को भी देखा।
निरीक्षण के बाद उन्होंने थाने में तैनात पुलिसकर्मियों के साथ बैठक की, जिसमें ड्यूटी के दौरान सजग रहने के निर्देश दिए। सभी कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान बाॅडी वाॅर्न कैमरों की आवश्यकता पर जोर दिया। थाने के निरीक्षण करने के बाद एसपी रेलवे ने जंक्शन की सुरक्षा व्यवस्था का जाएजा लिया। उन्होंने जीआरपी थाना प्रभारी संदीप तोमर को आरपीएफ के साथ मिलकर रेलवे जंक्शन व ट्रेनों में अभियान चलाकर अवैध वेंडरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।