मथुरा। मंडी समिति में मंडी सचिव सुनील कुमार शर्मा से वार्ता करते व्यापारी।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। दस दिन से अतिक्रमण हटाने को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए बुधवार को मंडी अफसरों ने मंडी परिसर में अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण पर जेसीबी चलवाई। भारी पुलिस बल व मंडी के सुरक्षा गार्डों की मौजूदगी के चलते कारोबारी विरोध नहीं कर सके। दोपहर से शुरू हुआ अतिक्रमण हटाओ अभियान देर शाम तक चलता रहा। दो दर्जन से अधिक कच्चे पक्के अतिक्रमण हटाए गए।
मंडी परिसर में 251 कारोबारियों ने अवैध रूप से अतिक्रमण कर रखा है। अतिक्रमण हटाने को लेकर मंडी प्रशासन ने कारोबारियों को नोटिस दिया और चिन्हांकन किया था। 10 दिन पूर्व अतिक्रमण हटाने के दौरान कारोबारियों द्वारा विरोध करने के दौरान एक कारोबारी का सिर फट जाने के बाद से मंडी बंद कर कारोबारी धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। कई बार मंडी सचिव, मंडी के उपनिदेशक व मंडी सभापति, डीएम संग हुई वार्ता विफल हो जाने के बाद मंडी प्रशासन कड़ा रुख अपनाए रहा।
बुधवार दोपहर एक बजे से मंडी प्रशासन के लोगों ने हाईवे व मंडी चौकी पुलिस व मंडी के 20 सुरक्षा गार्ड व मंडी इंस्पेक्टर व कर्मचारियों की मौजूदगी में जेसीबी से अतिक्रमण हटाना शुरू किया। सायं पांच बजे तक जेसीबी से अनाज व फल व सब्जी मंडी में 25 कच्चे, पक्के अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण ढहा दिए गए। इनमें कई कारोबारियों ने दुकानों के पीछे पक्के गोदाम बना रखे थे, उनको भी ढहा दिया। कई जगह पर कारोबारियों ने हल्का फुल्का विरोध किया, लेकिन फोर्स के आगे शांत हो गए। अतिक्रमण हटाने के दौरान कारोबारियों व लोगों की भीड़ लगी रही। वहीं ज्यादातर कारोबारी मंडी प्रशासन के लोगों से खुद अतिक्रमण हटाने को लेकर समय मांगते रहे।
मंडी सचिव सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि बुधवार को 25 अवैध अतिक्रमण हटाए गए हैं। दुकानदारों ने गुरुवार को 12 बजे तक अतिक्रमण हटवाने को समय मांगा है। यदि 12 बजे तक वे नहीं हटाएंगे तो जेसीबी से उसे तोड़ दिया जाएगा।
खुद ही हटाने लगे अतिक्रमण
मंडी परिसर में कारोबारियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को कारोबारी मंडी प्रशासन के कड़े रुख को देखते हुए खुद ही हटाने लग गए। जो लोग खुद हटाने में जुटे रहे, उनको छोड़कर दूसरे चिह्ति स्थानों पर जेसीबी से अतिक्रमण हटाया गया।