बाजना रोड स्थित मोरकी इंटर कालेज के मैदान में रविवार को आयोजित जाट महापंचायत में केंद्र की भाजपा सरकार को जाट और किसान विरोधी बताया गया। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के विरोध में वोट देने का आह्वान किया गया। इसमें क्षेत्रीय जाट नेताओं के अलावा हरियाणा, पंजाब और दिल्ली के जाट नेता भी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि जाट आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष पुष्पेन्द्र चौधरी ने कहा कि यूपीए सरकार ने जाटों को केंद्र में जो आरक्षण दिया था, मोदी सरकार ने उसे एक साल बाद ही छीन लिया।
योगेश नौहवार ने कहा कि मोदी सरकार जाटों के साथ-साथ किसान, मजदूर और गरीबों से भी उनका हक छीन रही है। अब तक भाजपा सरकार में केवल पूंजीपतियों को ही फायदा हुआ है।
जाट संघर्ष समिति के जिला महासचिव ओमवीर नौहवार ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में हमें अपने समाज के ज्यादा से ज्यादा प्रत्याशियों को जिताना होगा। भगवती प्रसाद, देवराज सिंह, रोनित चौधरी, रामचरन चहल, संजय मान, नवीन चौधरी आदि ने विचार व्यक्त किए।
अध्यक्षता हरी सिंह प्रधान ने की और संचालन बिजेन्द्र सिंह ने किया। सुधीर प्रधान, जगवीर नौहवार, सत्यपाल प्रधान, धीरज चौधरी, शोभित नरवार, केदार सिंह, हरवीर सिंह आदि मौजूद रहे।