आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगे जाम में फंसे वाहन।
- फोटो : MATHURA
मथुरा में यदि आप एनएच-19 से दिल्ली की तरफ जा रहे हैं तो सावधान। अलवर पुल के जाम में फंसकर आपके दो घंटे तक खराब हो सकते हैं। यही हाल शहर में वृंदावन की तरफ जाने वाली सड़कों का है। सीवर लाइन की खोदाई के चलते यहां पर भी सिर्फ एक ही तरफ की सड़कों से आवागमन हो रहा है। जिसके चलते दर्जनों वाहन जाम में फंसे रहते हैं।
हाईवे से लेकर से शहर की सड़कों तक पर जाम ही जाम है। हाईवे पर विगत करीब एक सप्ताह से अलवर पुल की मरम्मत का काम चल रहा है। जिसके चलते केवल एक ही रास्ते से वाहनों का आवागमन हो रहा है। इस आवागमन के चलते यहां पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। इस कतार के कारण लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं।
इसी प्रकार से श्रीकृष्ण जन्मस्थान से लेकर बिरला मंदिर तक की सड़क पर सीवर लाइन की खोदाई का काम चल रहा है। इसके चलते सड़क का एक तरफ का हिस्सा पूरी तरह से खुदा पड़ा है। केवल एक तरफ का रास्ता ही चालू है। पुलिसकर्मियों द्वारा यहां पर खड़े होकर रुक-रुक कर वाहनों को निकाला जा रहा है। एसपी सिटी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि इन स्थानों पर काम चल रहा है जिसके चलते आवागमन में अवरोध बना रहता है।