थाना रिफाइनरी क्षेत्र में एलपीजी गैस बॉटलिंग प्लांट से गैस लेकर आ रहा गैस कैप्सूल टैंकर भैंसा गांव के निकट पलट गया। टैंकर 18 टन गैस लेकर नई दिल्ली जा रहा था। मार्ग बंद होने से रिफाइनरी से निकलने वाले तेल और गैस के टैंकरों की पांच घंटे आपूर्ति ठप रही।
रिफाइनरी के गांव भैंसा स्थित रिफाइनरी का बॉटलिंग प्लांट हैं। इससे थाना नौहझील के कस्बा बाजना के गांव मदनपुर निवासी युवक पवन पुत्र शिवकुमार साथी क्लीनर चंद्रप्रकाश के साथ कैप्सूल टैंकर में प्लांट से 11:15 बजे गैस लेकर दिल्ली को चले थे। गांव भैंसा के निकट हादसा हो गया।
गति अधिक होने के कारण टैंकर 50 मीटर तक सड़क पर घिसट गया और पुराने टेलीफोन के खंभे तोड़ दिए। इससे रिफाइनरी के गैस और तेल यूनिट को जाने का मार्ग अवरुद्ध हो गया। तीन घंटे तक पुलिस, रिफाइनरी या फायर ब्रिगेड की ओर से कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
बाद में तीन बजे क्रेन के साथ पहुंचे इंजीनियर सौरभ तिवारी ने टैंकर को सीधा कराया। पांच बजे टैंकर को रवाना किया गया। घटना के चलते ग्रामीणों हड़कंप मचा रहा।