वृंदावन। होली के दिन जबरन बैरियर हटाने को लेकर मल्टीलेवल पार्किंग छटीकरा रोड पर तैनात यातायात पुलिस के हेड कांस्टेबल से मारपीट कर दी गई। बुलेट सवार युवक ने न केवल हाथापाई की, बल्कि उनकी वर्दी तक फाड़ दी। अन्य पुलिसकर्मियों ने किसी प्रकार बचाया और आरोपी को दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, 14 मार्च को देवेंद्र सिंह ड्यूटी पर तैनात थे। दोपहर करीब 1:30 बजे एक बुलेट मोटरसाइकिल सवार ने जबरन बैरियर हटाकर नो-एंट्री जोन में घुसने की कोशिश की। जब हेड कांस्टेबल ने उसे रोका तो आरोपी ने न केवल उनका गिरेबान पकड़ा बल्कि वर्दी भी फाड़ दी और पिटाई की। इस बीच साथी अधिकारी टीएसआई यशवीर सिंह ने किसी तरह उन्हें बचाया।
आरोपी की पहचान थाना शेरगढ़ के गांव बिलौड़ा निवासी लवकुश पुत्र श्याम के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी बिना नंबर प्लेट की बुलेट चला रहा था और मौके पर कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया तो यातायात पुलिस ने उसकी गाड़ी को सीज कर दिया। यातायात पुलिस के मुख्य आरक्षी ने आरोपी के खिलाफ रविवार को रिपोर्ट दर्ज कराई। इंस्पेक्टर वृंदावन रवि त्यागी का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मी से मारपीट करने के आरोप में केस दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश के बाद जेल भेज दिया है।