मांट (मथुरा)। यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के नोएडा से आगरा की ओर जा रही बस के चालक को झपकी आ गई। इससे बस बेकाबू होकर डिवाइडर तोड़कर सड़क के दूसरी ओर पहुंच गई। इसके बाद आगरा की ओर से आ रही दूसरी बस से टकराई गई। हादसे में छह यात्री घायल हो गए, जिसमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बस संख्या डीएल 1 बीडी 1010 बुधवार तड़के दिल्ली से शामियाना (कैटर्स) के लोगों को लेकर लखनऊ जा रही थी। बस को चालक वीर सिंह निवासी कांगड़ा हिमाचल प्रदेश चला रहा था। जब बस थाना मांट क्षेत्र में माइल स्टोन 92 के निकट पहुंची तभी चालक को झपकी आ गई। इससे बस अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर को तोड़ते हुए रोड के दूसरी ओर पहुंच गई।
इसी बीच आगरा की ओर से आ रही बस से टकरा गई। हादसे में बस कंडक्टर सुनील कुमार निवासी कांगड़ा के अलावा दूसरी बस में सवार हरदयाल निवासी मध्यप्रदेश समेत छह यात्री घायल हो गए। इनमें एक यात्री की हालत गंभीर बताई गई है। हादसे के दौरान एक्सप्रेसवे पर काफी देर तक अफरातफरी मची रही। सूचना पर पहुंची पुलिस एवं एक्सप्रेसवे कर्मियों ने घायलों को अस्पताल भेजा। इसके बाद दोनों बसों को क्रेन की मदद से हटवा कर रोड पर आवागमन सुचारु कराया गया।