मथुरा। लॉकडाउन के बाद जिले में बंद पड़ी औद्योगिक गतिविधियां धीरे-धीरे अब शुरू हो रही हैं। उपायुक्त उद्योग कार्यालय में इन दिनों इकाइयां संचालित करने की अनुमति लेने वालों की लाइन लगी हुई है। उपायुक्त उद्योग की ओर से अब तक जिलेभर मेें 85 उद्योगों के संचालन की अनुमति दी जा चुकी है।
जिले में छोटी-बड़ी कुल 1351 औद्योगिक इकाइयां हैं। ये भी कोराना वायरस को लेकर लगाए गए लॉकडाउन के कारण बंद कर दी गई थीं। तभी से इन इकाइयों के संचालक परेशान थे और यहां काम करने वाले श्रमिक भी बिना काम के बेरोजगार हो गए थे। शासन से उद्योगों के संचालन को सशर्त हरी झंडी मिलने के बाद से उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र के कार्यालय में इकाइयां चालू करने के लिए अनुमति को आवेदनों को भरमार होने लगी है। उद्योग विभाग ने भी चरणबद्ध तरीके से अनुमति देनी शुरू कर दी।
उपायुक्त उद्योग रामेंद्र कुमार ने बताया कि इकाई संचालकों को एक घोषणापत्र भरवाया जा रहा है, जिसमें इकाई का विवरण और कर्मचारियों की संख्या आदि कॉलम दिए हैं। जो आवेदक सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन कर रहे हैं उन्हें सशर्त अनुमति दी जा रही है। अभी तक जिले में कुल 85 इकाइयों को संचालन की अनुमति दी जा चुकी है। इनमें मैन्युफैक्चरिंग और आवश्यक वस्तुओं से संबंधित इकाइयों की संख्या अधिक है।