आवास विकास के अधिकारियों से अभद्रता
आवंटी को जमीन पर कब्जा दिलाने गई थी, विरोध के चलते लौटी, दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
मथुरा। कृष्ण विहार काॅलोनी में आवंटी को भूखंड पर कब्जा दिलाने गई आवास विकास परिषद की टीम को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। लोगों ने पुलिस के सामने परिषद की टीम से धक्का-मुक्की के साथ गाली-गलौज की। विरोध बढ़ता देख परिषद की टीम लौट गई। मामले में आवास विकास परिषद के जेई ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
आवास विकास परिषद के जूनियर इंजीनियर संतोष कुमार के मुताबिक कृष्ण विहार कालोनी में आवास विकास परिषद के 300 मीटर भूखंड के लिए बोली लगाई गई थी। बोली में यह भूखंड ओमप्रकाश को आवंटित हो गया। आवंटी ने निर्धारित राशि परिषद के खाते में जमा करा दी। इसकी रजिस्ट्री परिषद के संपत्ति अधिकारी ने 1 अप्रैल 2023 को आवंटी के पक्ष में कर दी और कब्जा पत्र जारी कर दिया।
रविवार को पुलिस बल के साथ आवास विकास परिषद की टीम आवंटी को भूखंड पर कब्जा दिलाने के लिए पहुंची। टीम में अधिशासी अभियंता नवजोत सिंह वर्मा, अवर अभियंता संतोष कुमार, सहायक अभियंता अरविंद कुमार और आवास विकास के कर्मचारी सहित पुलिस बल शामिल था। जैसे ही टीम ने भूखंड पर कब्जा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की, वहां कुछ लोग आए और विरोध करने लगे। विरोध बढ़ता देख पुलिस और आवास विकास परिषद की टीम आवंटी को कब्जा दिलाए बगैर लौट गई। बताया जा रहा है कि आवंटी ने यह भूखंड करीब 75 लाख रुपये में आवंटित कराया है। जेई संतोष कुमार ने बताया कि आवंटी ओमप्रकाश को कृष्ण विहार में भूखंड पर कब्जा दिलाने के लिए परिषद की टीम पुलिस बल के साथ गई थी। लोगों ने विरोध किया और धक्का-मुक्की करते हुए गालीगलौज की। परिषद की टीम को लौटना पड़ा। इस मामले में शहर कोतवाली में तहरीर दी गई है।
रेल की चेन खींचने वाले 279 लोगों से वसूले दस लाख
मथुरा। रेल प्रशासन ने चेन खींचकर अनावश्यक रूप से रेल रोकने वालों पर सख्त कदम उठाया है। अभियान चलाकर तीन माह में करीब 300 लोगों को गिरफ्तार कर दस लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूल किया है।
मंडल रेल प्रबंधक आनंद स्वरूप व वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त अनुभव जैन के निर्देशन में अप्रैल, मई और जून माह में अभियान चलाया गया। इस दौरान मथुरा जंक्शन क्षेत्र में गुजरने वाली ट्रेनों को अनावश्यक रूप से चेन खींचकर रोकने वालों पर कार्रवाई की गई। बताया कि तीन माह में मथुरा जंक्शन क्षेत्र में 279 लोगों पर कार्रवाई कर करते हुए 10,24490 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। संवाद