संवाद न्यूज एजेंसी
मथुरा। जिले की नगर पंचायतों और पालिकाओं के अध्यक्षों के साथ बृहस्पतिवार को डीएम ने बैठक की। उन्होंने सभी अध्यक्षों को आय के स्त्रोत बढ़ाने और प्राप्त आय से क्षेत्र का विकास कराने के निर्देश दिए।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने निर्देश दिए कि मथुरा धार्मिक नगरी है। देश-विदेश से यहां श्रद्धालु आते हैं। सभी अध्यक्षों की जिम्मेदारी है कि वह ईओ के साथ समन्वय स्थापित करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में काम कराएं। श्रद्धालु मथुरा की अच्छी छवि को अपने मन में बसाकर यहां से वापस जाएं। लोगों को मूलभूत सुविधाएं जैसे पानी, बिजली, सड़क हर हाल में अच्छे उपलब्ध कराएं। यह सभी विकास कार्य धन से होंगे, धन प्राप्ति के लिए नगर पंचायत, पालिकाओं की आय के स्त्रोत बढ़ाए जाएं।
बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व योगानंद पांडेय, कोसीकलां पालिका अध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल, राया नगर पंचायत अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, बलदेव नगर पंचायत अध्यक्ष डाॅ. मुरारी लाल अग्रवाल, सौंख के अध्यक्ष योगेश लंबरदार, गोकुल अध्यक्ष संजय दीक्षित, छाता अध्यक्ष फारगुन उर्फ कान्हा मौजूद रहे।
नगर पंचायत और पालिकाओं में होगा स्वच्छता सर्वेक्षण
- जिला प्रशासन की टीम कराएगी सर्वे, सबसे स्वच्छ को मिलेगा रैंक के आधार पर पुरस्कार
मथुरा। जिले की सभी नगर पंचायतों और पालिकाओं में जिला प्रशासन स्वच्छता सर्वेक्षण कराएगा। एडीएम वित्त एवं राजस्व योगानंद पांडेय ने सर्वेक्षण का पूरा प्लान तैयार किया है।
एडीएम वित्त एवं राजस्व के अनुसार सभी नगर पंचायत और पालिकाओं में धार्मिक स्थल हैं। देश-विदेश से श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में इनको स्वच्छ बनाए रखने के लिए स्वच्छता सर्वेक्षण कराया जाएगा। लगातार 30 दिन तक स्वच्छता की निगरानी की जाएगी। अलग-अलग टीमें गठित की जाएंगी, जो औचक निरीक्षण करेंगी। जिला प्रशासन की ओर से अव्वल स्थान पाने वाली पंचायत-पालिका को सम्मान पुरस्कार दिया जाएगा। संवाद