दिल्ली से आई आयकर की टीम ने शुक्रवार को खारी कुआं पर स्थित एक हलवाई के घर पर छापा मारा। भारी पुलिस बल को साथ लेकर पहुंची टीम ने घर का चप्पा-चप्पा छान मारा। हालांकि हलवाई की आर्थिक स्थिति तो ऐसी नहीं है जो आयकर की टीम जांच करे लेकिन बताया जा रहा है कि दिल्ली में रहने वाले एक रिश्तेदार ने उनके खाते में इतनी मोटी रकम डाल दी है कि आयकर महकमे तक में हड़कंप है।
शुक्रवार को सुबह दस बजे दिल्ली के आयकर विभाग के एडिशनल कमिश्नर के नेतृत्व में लगभग करीब 12 अफसरों की टीम पुलिस बल के साथ खारी कुआं स्थित पेशे से हलवाई विनोद अग्रवाल के आवास पर पहुंची। बताया गया कि विनोद अग्रवाल के दिल्ली स्थित रिश्तेदार के घर पर आयकर विभाग की कार्रवाई में विभाग को पता चला था कि उक्त रिश्तेदार ने विनोद अग्रवाल और उनके बेटे मोहित के खाते में बड़ी रकम ट्रांसफर की थी।
टीम के अधिकारियों ने घर में पहुंचते ही किसी को भी बाहर आने नहीं दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि टीम के अधिकारियों ने न केवल कड़ी पूछताछ की बल्कि घर की तलाशी भी ली। हलवाई का पुत्र मोहित अपने दिल्ली निवासी मामा के घर अक्सर आता-जाता रहता है। मामा के ज्वैलर्स सहित कई कारोबार हैं। देर रात तक टीम कार्रवाई में जुटी थी।
आखिर किसलिए मंगवाई गई ड्रिल मशीन
आयकर विभाग की टीम ने पहुंचते ही ड्रिल मशीन मंगवा ली थी। अब ड्रिल मशीन का क्या किया गया ये तो पता नहीं चला लेकिन माना जा रहा है कि संदेह होने पर कहीं खोदवाया गया है।
मथुरा के कारोबारियों में मचा हड़कंप
नोटबंदी के बाद मथुरा और वृंदावन में मनी एक्सचेंजर सहित सराफा कारोबारियों ने पुराने नोटों से सोने की बिक्री की थी। मथुरा के सराफा कारोबारियों के आगरा की बैंकों में खातों का खुलासा भी हो चुका है। आयकर विभाग की दिल्ली की टीम के मथुरा में कार्रवाई के बाद से ही इन कारोबारियों के होश उड़े हुए हैं। कारोबारी दिनभर टीम की गतिविधियों की जानकारी लेते रहे।