वृंदावन। नगर की प्रमुख समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा द्वारा प्रेम गली स्थित अन्नपूर्णा देवी मंदिर में एक विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में सावन और भाद्रपद माह में लगने वाले मेलों के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं पर चर्चा की गई।
बैठक में वक्ताओं ने नगर में स्वच्छता, यातायात, प्रकाश व्यवस्था और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए समुचित प्रबंधन की आवश्यकता पर बल दिया। पंडित बिहारी लाल वशिष्ठ ने कहा कि नगर में अतिक्रमण, जलभराव और ई-रिक्शा की अधिकता से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इन समस्याओं का शीघ्र समाधान प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। भागवत प्रवक्ता आचार्य अनिल कृष्ण शास्त्री ने कहा कि वृंदावन में बंदरों का उत्पात इतना बढ़ गया है कि राह चलते लोगों के लिए सुरक्षित निकलना भी मुश्किल हो गया है। इसके अलावा अन्य समस्याएं भी उठाई गईं। राजेश पाठक, कृष्ण कन्हैया, बाबा कर्म योगी, हरि सुरेश आचार्य, अवधेश गौतम, अशोक शर्मा, कुलदीप दुबे, गौरव रस्तोगी, स्वामी कृष्णानंद झा आदि मौजूद थे।