उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में आतंक का पर्याय बना साहून गैंग ने पुलिस की टेंशन और बढ़ा दी है। पांच बार पुलिस पर फायरिंग कर भागे इस कुख्यात अपराधी की गिरफ्तारी के लिए आईजी सुजीत पांडेय ने पुलिस कप्तान बबलू से दो टूक कहा... मुझे साहून चाहिए, ऐनी हाऊ।
लग्जरी गाड़ियों में चलने वाले इस अपराधी के साथ हमेशा छह शार्प शूटर रहते हैं। लगातार बढ़ती वारदातों के बाद अब पुलिस इसकी तलाश में जुटी है, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस के हाथ ऐसा कोई मुखबिर भी नहीं आया जो उसके बारे में जानकारी दे सके।
गुरुवार को मथुरा पहुंचे आईजी सुजीत पांडेय ने साहून की गिरफ्तारी न होने पर नाराजगी जताई। कहा कि एक अपराधी बार-बार पुलिस से बच निकलता है और हम कुछ कर नहीं पाते। उन्होंने एसएसपी बबलू कुमार से कहा कि साहून की गिरफ्तारी के लिए पूरी ताकत लगा दें। पुलिस की सभी टीमों को उसके पीछे लगा दिया जाए। उसके गैंग का सफाया होना बहुत जरूरी है।